Tuesday, October 20th, 2026

ममता बनर्जी बोली - यूपी से पान-मसाला खाने वाले और तिलक लगाने वाले गुंडों को भेज रही बीजेपी

कोलकाता
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की लड़ाई काफी दिलचस्प हो गई है। राज्य में बीजेपी और टीएमसी के बीच कांटे की टक्कर चल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कांठी में रैली करने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी पर हमला बोला है। उन्होंने एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए बीजेपी पर बंगाल में यूपी से गुंडे भेजने का आरोप लगाया। इसके अलावा, ममता ने पीएम मोदी पर झूठे वादे करने का आरोप लगाते हुए निशाना साधा। बंगाल के विष्णुपुर में आयोजित रैली में ममता बनर्जी ने कहा, '' हम सालों से बंगाल में रह रहे दूसरे राज्यों के लोगों पर बाहरी होने का ठप्पा नहीं लगाते हैं। पान-मसाला खाने वाले और तिलक लगाने वाले लोगों को उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों से, चुनाव के पहले यहां समस्या पैदा करने के लिए भेजा गया और वे हमारे लिए बाहरी गुंडे हैं।''

'पीएम पद का करती हूं सम्मान, लेकिन...'
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विष्णुपुर रैली में पीएम मोदी को घेरते हुए कहा कि मैं प्रधानमंत्री पद का सम्मान करती हूं, लेकिन यह कहते हुए अफसोस हो रहा है कि नरेंद्र मोदी झूठ बोलते हैं। मोदी केवल बड़ी बड़ी बातें करते हैं और सभी के बैंक खातों में 15-15 लाख रुपये देने जैसे झूठे वादे करते हैं, जबकि घरेलू रसोई गैस के सिलेंडर के दाम आसमान छू रहे हैं। इससे पहले, ममता बनर्जी ने मंगलवार को आरोप लगाया था कि केंद्र सरकार सरकारी कंपनियों को केंद्र सरकार बेच रही है और सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की झूठ की फैक्टरी बची रहेगी। ममता ने कहा था कि बीजेपी बंगाल में लोगों से लंबे-चौड़े वादे कर रही है, लेकिन भगवा पार्टी असम और त्रिपुरा में विधानसभा चुनावों के लिए अपने घोषणापत्र में किये गये वादों को पूरा करने से मुकर गई।

बंगाल में कोई भारतीय बाहरी नहीं: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व मेदिनीपुर जिले के कांठी में आयोजित एक चुनावी रैली में कहा कि बंगाल ने पूरे भारत को वन्दे मातरम की भावना में बांधा है और उसी बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी लोगों को बोहिरागोतो (बाहरी) बता रही हैं। उन्होंने ऐलान किया कि अगर भाजपा सत्ता में आयी तो राज्य का मुख्यमंत्री बंगाल की धरती के बेटे को ही बनाया जाएगा। चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि बंगाल बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय, रबींद्रनाथ टैगोर और सुभाष चंद्र बोस जैसे नायकों की भूमि है और इस धरती पर कोई भारतीय बाहरी नहीं है। मोदी ने कहा कि हमें पर्यटक कहा जा रहा है, हमारा मजाक उड़ाया जा रहा है, हमारा अपमान किया जा रहा है। दीदी, रबींद्रनाथ के बंगाल के लोग किसी को भी बाहरी नहीं मानते। दरअसल, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भाजपा और प्रधानमंत्री का जिक्र करते हुए अक्सर अपने भाषणों में कहती हैं कि वह दिल्ली या गुजरात से आए बाहरी लोगों को बंगाल में शासन करने नहीं देंगी।

 

#Mamta Banerjee

Source : Agency

पाठको की राय